राजनीति में प्रियंका की एंट्री पर अखिलेेश ने जताई खुशी, कहा: कांग्रेस के फैसले से खुश है

Please Share

नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गणतंत्र दिवस के मौके पर लोगों से महापुरुषों को याद कर देश को खुशहाल बनाने की दिशा में काम करने की अपील की है। इस दौरान उन्होंने प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में आने पर कहा कि राजनीति में युवाओं को मौका दिया जा रहा है, इससे समाजवादी पार्टी खुश है। मैं कांग्रेस पार्टी और उनके अध्यक्ष को इसके लिए बधाई देना चाहता हूं कि उन्होंने सही फैसला किया।

इस मौके पर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर भी जमकर निशानेबाजी की। उन्होंने कहा कि संविधान की धज्जियां उड़ाई गयी हैं। उन्होंने सवाल किया कि कितने नौजवानों को रोजगार मिला है, लाल किले से किए हुए कितने वादे पूरे हुए।

उन्होंने कहा कि सपना दिखाया गया था कि व्यापार बढ़ेगा लेकिन जीएसटी लागू करके छोटे व्यापारियों को बर्बाद कर दिया गया। देश की पूंजी कुछ परिवारों तक सिमट कर रह गई है। भारत रत्न को देश का सबसे बड़ा सम्मान बताते हुये उन्होंने कहा कि जिसने देश का मान बढ़ाया है, उन्हें सम्मान दिया जा रहा है।

प्रयागराज में योगी सरकार की प्रस्तावित कैबिनेट बैठक पर तंज कसते हुये सपा अध्यक्ष ने कहा कि चाहे जितनी डुबकी लगा लें, कैबिनेट कर लें, कुम्भ में कोई नतीजा नहीं निकलने वाला। जनता इस बार सटीक जवाब देगी। ईडी और सीबीआई के छापों पर कटाक्ष करते हुये सपा अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव के साथ ही यह सीबीआई और ईडी का भी मौसम है।

You May Also Like