उत्तराखंड: नामकरण के लिए जा रहा वाहन खाई में गिरा, दो लोगों की मौत, तीन की हालत गंभीर

Please Share

नैनीताल: रामगढ़ के दरमोली मोटरमार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ बिठौली के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। घायलों को स्थानीय लोग पदमपुरी अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को नाजुक बताते हुए चिकित्‍सकों ने हल्द्वानी रेफर कर दिया।

रविवार को वीरेंद्र सिंह उम्र 32 वर्ष पुत्र आनंद सिंह निवासी अनोठी रामगढ, कांति देवी उम्र 65 पत्नी मनोरथ बहुगुणा निवासी पगराड़ी रामगढ, लक्ष्मण सिंह पुत्र नाथू सिंह, दिनेश पुत्र पीतांबर पांडे व गोपाल धनखोल पुत्र भवन चंद्र वैगनआर कार से नामकरण संस्कार में शामिल होने पोखरी गांव जा रहे थे। बिठौली के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। कार सवार वीरेंद्र सिंह व कांति देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं लक्ष्मण सिंह, दिनेश सिंह व गोपाल धनखोला बुरी तरह जख्मी हो गए। पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पदमपुरी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने भी कांति देवी व वीरेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य तीन घायलों की हालत गम्भीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया। साथ ही मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी ले जाया गया है।

You May Also Like