राजधानी देहरादून में भारत बन्द की कमान संभाल रहे प्रीतम सिंह ने केंद्र सरकार पर साधा जमकर निशाना

Please Share
देहरादून: पेट्रोलियम पदार्थों, (डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस), खाद्य पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा किये गये भारत बंद के आह्रवान पर सम्पूर्ण उत्तराखण्ड प्रदेश में भारत बंद के आयोजन पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बन्द में शामिल सभी सहयोगियों, जनता व कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त किया।
राजधानी देहरादून में स्वयं बन्द की कमान संभाल रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि, देश में बेकाबू होती पेट्रोलियम पदार्थों (डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस) व खाद्य पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों के लिए केन्द्र की मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए केन्द्र सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में दुनियाभर में कच्चे तेल की कीमत अपने न्यूनतम स्तर पर रही, किन्तु पूरे साढे चार वर्ष केन्द्र की मोदी सरकार ने देश की जनता को कभी पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की कीमतों को कम कर राहत देने का काम नहीं किया। उन्होंने कहा यूपीए सरकार के समय में 129 डाॅलर प्रति बैरल कच्चे तेल के मुकाबले एनडीए सरकार के समय कच्चे तेल की कीमत 34 डाॅलर प्रति बैरल तक पहुंची, किन्तु बाजार में डीजल, पेट्रोल की कीमतें कभी कम नहीं हुई और केन्द्र सरकार ने चार साल में लोगों की जेब पर डकैती डालकर तेल सेक्टर में 11 लाख करोड़ रूपये जनता की जेबों से लूटने का काम किया।
प्रीतम सिंह ने कहा कि, आज पेट्रोल 90 रूपये को छू रहा है और डीजल 73 रूपये के पार चला गया है। केन्द्र सरकार ने रसोई गैस की कीमतों में भी बेतहाशा वृद्धि करते हुए आम उपभोक्ता की जेब पर डाका डालने का काम किया। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के समय में जो गैस का सिलेण्डर 377 रूपये में उपभोक्ता तक पहुंचता था वह आज 950 रूपये का हो गया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल की कीमतें बढ़ने से आम उपभोग की वस्तुओ की कीमतें भी आसमान छू रही हैं और पूरे देश में जनता त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रही है तथा लोगो के घरों में चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं से केन्द्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों पर संघर्ष करने का आह्रवान करते हुए कहा कि आज के बन्द को जनता के स्वतः स्फूर्त समर्थन के बाद आगामी दिनों में पूरे राज्य में कांग्रेसजन मंहगाई, भ्रष्टाचार व अवरूद्ध पड़े विकास के मुद्दों पर राज्य व केन्द्र की भाजपा सरकारों के खिलाफ संघर्ष करें।
भ्रष्टाचार मुक्त शासन का दावा करने वाली भाजपा सरकार पर रक्षा सौदों में अपने उद्योगपति मित्रों से दलाली करवाने का आरोप लगाते हुए प्रीतम सिंह ने कहा राहुल गांधी द्वारा जब संसद में राफेल डील के मुद्दे उठाते हुए प्रधानमंत्री व सरकार से जवाब मांगा, तो प्रधानमंत्री व सरकार राफेल डील पर बोलने के बजाय अन्य मुद्दों पर कांग्रेस पर आरोप लगाने का काम करने लगे। प्रीतम सिंह ने कहा कि राफेल सौदे में यूपीए सरकार के समय में 526 करोड़ रूपये प्रति जहाज के सौदे को रद्द करते हुए एनडीए सरकार द्वारा 1670 करोड़ रूपये प्रति जहाज के हिसाब से 36 राफेल जहाजों का सौदा किया गया, जिससे देश की जनता की गाढ़ी कमाई का 41 हजार करोड़ रूपया लुटाने का काम मोदी सरकार ने किया। इतना ही नहीं इस सौदे में मोदी जी के व्यावसायिक मित्रों को लाभ पहुंचाने की दृष्टि से राफेल डील से समबन्धित काम जो सार्वजनिक क्षेत्र के एचएएल को करना था उसे रिलाइन्स कम्पनी को दे दिया गया।
साथ ही कहा कि, 2014 से पहले रूपये के डालर के मुकाबले कीमत पर रूपये को आईसीयू में बताने वाली भाजपा आज सत्ता में आने के बाद देश की जनता को इस बात का जवाब नहीं दे पा रही है कि 70 वर्षों में रूपये का अवमूल्यन 72.30 प्रति डाॅलर क्यों हो गया और आईसीयू में पड़ा रूपया अचानक वैंन्टिलेटर पर क्यों चला गया।

You May Also Like