उत्तराखंड: बर्फ में दबे पर्वतारोहियों के शवों को निकालने आज रवाना होगी टीम

Please Share
पिथौरागढ़: हेलीकॉप्टर से नंदा देवी बेस कैंप में टीम और जरूरी सामान आज पहुंचाया जाएगा। हेलीकॉप्टर को उतारने के लिए शुक्रवार को सर्वे कर स्थल चयन कर लिया गया है। आईटीबीपी के पर्वतारोहियों के उपकरण और आवश्यक सामग्री को नंदा देवी बेस कैंप तक पहुंचाने के लिए शुक्रवार की सुबह नैनीसैनी हवाई पट्टी पर वायुसेना का एमआई 17 हेलीकाप्टर पहुंच भी गया है।
13 मई को मुनस्यारी से नंदादेवी ईस्ट के लिए रवाना हुए 13 सदस्यीय दल में से ब्रिटेन निवासी मार्टिन मोरिन, जोन चार्लिस मैकलर्न, रिचर्ड प्याने, रूपर्ट वेवैल, अमेरिका के एंथोनी सुडेकम, रोनाल्ड बीमेल, आस्ट्रेलिया की महिला पर्वतारोही रूथ मैकन्स और इंडियन माउंटेनियरिंग फेडरेशन के जनसंपर्क अधिकारी चेतन पांडेय पर्वतारोहण के दौरान हिमस्खलन की चपेट में आने से लापता हो गए थे। सर्च अभियान के दौरान बर्फ में पांच शव दिखाई दिए थे। जिस स्थान पर शव पड़े थे वहां खतरनाक दर्रे होने से सेना के हेलीकॉप्टर से इन्हें निकालने का प्रयास सफल नहीं हो सका था।
अब शवों को निकालने के लिए आईटीबीपी के जवानों की 18 सदस्यीय टीम पैदल भेजी गई है। शुक्रवार को आईटीबीपी के पर्वतारोहियों के उपकरण और आवश्यक सामग्री को नंदा देवी बेस कैंप तक पहुंचाने के लिए नैनीसैनी हवाई पट्टी पर वायुसेना का एमआई 17 हेलीकाप्टर पहुंचा। इसके बाद वायु सेना के अधिकारियों ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और आईटीबीपी के अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान पर चर्चा की। बाद में वायु सेना के अधिकारियों ने नंदा देवी ट्रेक रूट का हवाई सर्वेक्षण किया।

You May Also Like