पहाड़ों में भारी बारिश और बर्फबारी के आसार, मैदानों में भी फ़िलहाल ठण्ड से राहत के आसार नहीं

Please Share

देहरादून: उत्तराखंड एक बार फिर शीतलहर के आगोश में है। प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह धूप खिल रही, तो वहीं मैदानी क्षेत्र कोहरे के आगोश में हैं। इससे लोगों को मुसीबतें झेलनी पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, देहरादून और हरिद्वार में अगले चौबीस घंटे के भीतर ओले गिरने की संभावना है।

फ़िलहाल प्रदेश में आने वाले समय में भी ठंड से निजात नहीं मिलने वाली है। गढ़वाल के साथ ही कुमाऊं के पर्वतीय जिलों में कुछ राहत जरूर है। यहां सुबह से धूप खिल रही। वहीं, कोटद्वार, रुड़की, हरिद्वार, ऋषिकेश, उधमसिंह नगर आदि स्थानों पर सुबह और शाम को कोहरा लोगों को परेशान कर रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार की शाम से मौसम करवट बदलेगा। इस दौरान पहाड़ों में भारी बर्फबारी और बारिश के आसार हैं। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में जबरदस्त हिमपात हो सकता है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल और चम्पावत में ओलावृष्टि की संभावना है।

प्रदेश में न्यूनतम तापमान में भी खासी गिरावट आई है। कुमाऊं के अल्मोड़ा में पारा फिर शून्य के नीचे पहुंच गया है। अल्मोड़ा प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 1.9 डिग्री नीचे रिकार्ड किया गया। चमोली के जोशीमठ में भी यही स्थिति है।

You May Also Like