पौड़ी से लोकसभा चुनाव के दंगल में उतरेंगे कर्नल कोठियाल

Please Share

रूद्रप्रयाग: साल 2013 में गाँधी सरोवर से आई बाढ़ से छिन्न-भिन्न हुई केदारपुरी को नया स्वरूप देने वाले नेहरू पर्वतारोहण संस्थान निम के पूर्व प्रिंसिपल कर्नल अजय कोठियाल (रिटायर्ड) ने तमाम कयासों को दरकिनार करते हुए राजनीति में एन्ट्री को लेकर अपने पत्ते खोल दिए हैं। कर्नल कोठियाल ने साफ कर दिया है कि वह टिहरी नहीं बल्कि पौड़ी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि उनके लिए भाजपा कांग्रेस दोनों दलों के दरवाजे खुले हैं और पार्टी के शीर्ष नेता उन्हें अपनी पार्टी में शामिल होने का आमंत्रण भी दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभी यह तय नहीं किया कि वे किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे। हालांकि कर्नल ने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस-भाजपा दोनों पार्टियों के नेताओं के साथ उनके अच्छे सम्बन्ध है।  इस संबंध में उनकी राजनीतिक दलों से बातचीत चल रही है।

 कर्नल कोठियाल का कहना है कि सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद लोगों की राय से उन्होंने राजनीति में पांव रखने की सोची है। प्रेस वार्ता में एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कभी-कभी राजनीति में जाने से डरता भी हूँ क्योंकि सेना और राजनीति का मैदान बिल्कुल भिन्न हैं लेकिन वे यह भी कहते हैं कि उनका संकल्प युवाओं को सही दिशा देना, महिलाओं को आत्मनिर्भता के साथ आत्म सुरक्षा करने के लिए मजबूत बनाना है। गैरसैंण राजधानी को लेकर भी उन्होंने कहा कि पहाड़ की राजधानी पहाड़ में होनी चाहिए, मैदान में पहाड़ के विकास का संचालन नहीं हो सकता है।

You May Also Like