भाजपा नेताओं के निधन के पीछे विपक्ष, वह तांत्रिक क्रिया का प्रयोग कर रहा: सांसद प्रज्ञा

Please Share

भोपाल: अक्सर अपने बयानों से सुर्ख़ियों में रहने वाली भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के निधन पर प्रज्ञा ने कहा कि इसके पीछे विपक्ष का हाथ है, वह पार्टी के नेताओं पर तांत्रिक क्रिया कर रहा है।

सोमवार को प्रज्ञा प्रदेश भाजपा कार्यालय में पूर्व वित्तमंत्री दिवंगत अरुण जेटली और मप्र के पूर्व सीएम बाबू लाल गौर की श्रद्धांजलि सभा में बोल रही थीं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रज्ञा ने कहा- भाजपा के जिन वरिष्ठ नेताओं का पिछले दिनों निधन हुआ, उसके पीछे विपक्ष का हाथ है। भाजपा को नुकसान पहुंचाने के लिए विपक्ष “मारण शक्ति’ (तांत्रिक क्रिया) का प्रयोग कर रहा है। बड़ा कठिन समय चल रहा है।

प्रज्ञा ने कहा जब मैं लोकसभा चुनाव लड़ रही थी, उस समय एक महाराज जी मेरे पास आए। उन्होंने कहा कि आप अपनी साधना को कम मत करना। साधना का समय बढ़ाते रहना। बहुत बुरा समय है, विपक्ष एक ऐसा कार्य कर रहा है, ऐसी मारण शक्ति का प्रयोग कर रहा है, जिससे भाजपा को नुकसान हो।

बता दें कि, पिछले करीब एक साल के भीतर बीजेपी ने अपने 5 दिग्गज नेताओं को खो दिया है। जिनमे अटल बिहारी वाजपेयी, अनंत कुमार, मनोहर पर्रिकर, सुषमा स्वराज और अरुण जेटली शामिल हैं।

You May Also Like