Video, देहरादून: कनिष्क अस्पताल में एक व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से हुई मृत्यु, परिजन मृतक के शव को अस्पताल में छोड़ लौटे गांव, पुलिस द्वारा किया गया अंतिम संस्कार

Please Share
देहरादून, दिनांक 10/05/2021: दून पुलिस से सूचना प्राप्त हुई कि आज दिनांक 10/05/2021 को प्रभारी निरीक्षक नेहरू कॉलोनी को कनिष्क अस्पताल में एक व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मृत्यु हो चुकी है, जिसके परिजन मृतक के शव को अस्पताल में छोड़ कर चले गए हैं। जिसके बाद चौकी प्रभारी बाईपास मानवेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ कनिष्क अस्पताल पहुंचे। कनिष्क अस्पताल द्वारा पुलिस को जानकारी दी गई कि दिनांक 06/05/2021 को उनके द्वारा रघुवीर सिंह रावत पुत्र रतन सिंह रावत निवासी, भेगोती शेरा, भागीरथ पुरम, टिहरी गढ़वाल को इलाज हेतु भर्ती कराया गया था और इलाज के दौरान रघुवीर सिंह रावत कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
कल दिनांक 09/05/2021 को रघुवीर सिंह उपरोक्त की मृत्यु हो गई थी। मृतक के साथ उनकी भाभी कांता देवी तथा उनका भतीजा राज रावत आए थे। दोनों रघुवीर सिंह की मृत्यु के बाद मृतक के शव को अस्पताल में छोड़कर अपने गांव चले गए हैं, जिस पर कनिष्क अस्पताल द्वारा उनके परिजनों से संपर्क किया गया, लकिन परिजनों का नंबर लगातार स्विच ऑफ आ रहा था। पुलिस द्वारा भी मौके से मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया गया लकिन परिजनों से संपर्क नहीं हो पाया। जिसके बाद मृतक के गांव प्रधान से संपर्क किया गया तो प्रधान द्वारा बताया गया कि मृतक रघुवीर सिंह के परिजन गांव आ गए हैं। ग्राम प्रधान द्वारा पुलिस को बताया गया की मृतक के परिजन रघुवीर की मृत्यु से बहुत दुखी हैं। जिस कारण मृतक के परिजन मृतक को छोड़ गांव लोट आए। साथ ही प्रधान ने पुलिस को मृतक के अंतिम संस्कार की कार्रवाई पुलिस द्वारा ही करानी की बात कही। पुलिस द्वारा काफी प्रयास करने के बाद मृतक की भाभी के साथ फोन पर वार्तालाप हो पाई, जिसमे मृतक की भाभी कांता देवी द्वारा बताया गया कि मृतक का अंतिम संस्कार पुलिस द्वारा ही किया जाए।
ग्राम प्रधान तथा मृतक के परिजनों द्वारा उक्त संबंध में प्रार्थना पत्र व्हाट्सएप के माध्यम से प्रेषित किया गया, क्योंकि कोरोना संक्रमण महामारी के दौरान मृतक के शव को अधिक देर तक अस्पताल या अन्य स्थान पर नहीं रखा जा सकता। जिस पर उप निरीक्षक मानवेंद्र सिंह द्वारा पुलिस कर्मियों की मदद से एंबुलेंस की व्यवस्था कर तथा राज्य सरकार द्वारा निर्दिष्ट आदेशों का पालन करते हुए पीपीई किट पहनकर मृतक के शव को अंतिम संस्कार हेतु रायपुर ले जाया गया, जहां पर मृतक के शव का अंतिम संस्कार किया गया। जिसकी जानकारी मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है।

You May Also Like