पिथौरागढ: गुलदार ने एक महिला को फिर बनाया अपना शिकाल, जंगल में घास काटने गई थी महिला

Please Share
दीपक जोशी की रिपोर्ट; 
पिथौरागढ़: जनपद मुख्यालय से करीब 22 किमी दूर देवलथल तहसील क्षेत्र के एक गांव में गुलदार ने एक महिला को मार डाला। घटना उस वक्त हुई जब महिला आज दोपहर के समय घास काटने जंगल गई थी। क्षेत्र में पहले से गुलदार की सक्रियता से छाये खौफ के बीच इस घटना से और दहशत फ़ैल गई है।
देवलथल के नजदीक आगर गांव की सीमा देवी, उम्र 40 वर्ष, पत्नी शंकर राम सोमवार दोपहर के समय जंगल में घास काट रही थी।जानकारी के अनुसार उसके साथ गांव की तीन अन्य महिलाएं भी कुछ दूरी पर ही घास काट रही थीं। महिलाएं अपने साथ बकरियां भी चराने ले गई थी। इसी बीच गुलदार ने अचानक एक बकरी पर हमला कर दिया। बकरी के आसपास घास काट रही सीमा देवी ने उसे बचाने की कोशिश कर शोर मचाया, लेकिन गुलदार ने एकाएक सीमा देवी पर हमला कर दिया। अन्य महिलाएं इस बीच कुछ नहीं कर पाईं।
सीमा देवी पर हमला कर गुलदार उसे घसीटकर दूर ले जाने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान महिलाओं ने पत्थर मारकर गुलदार को भगाने का प्रयास किया, जिस पर गुलदार सीमा देवी को छोड़कर भाग गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना वन विभाग व पुलिस को दी गई, जिस पर टीमें मौके पर पहुंच गयी। साथ ही शव का पंचनामा भर जनपद मुख्यालय भेजा दिया गया है।

You May Also Like