उत्तराखंड में बर्फबारी के बाद हिमस्खलन की चेतावनी

Please Share

देहरादून: प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षत्रों में भारी बर्फबारी के बाद हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। जानकारी के अनुसार ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर जाने वाले लोगों को फिलहाल ट्रैकिंग पर नहीं जाने के लिए कहा गया है। साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को निचले इलाकों में आने की सलाह दी गई है।

इधर, शनिवार को प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में धूप खिली रही। हालांकि अब भी हाड़ कंपाने वाली ठंडी हवा पहाड़ और मैदान में लोगों की कंपकपी छुटा रही है। हालांकि पहाड़ों पर अगले कुछ दिनों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का अनुमान लगाया गया है।

केदारनाथ से लेकर बद्रीनाथ, गंगोत्री यमुनोत्री में काफी बर्फ जमा है। इसके साथ ही लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में भी खासी गिरावट दर्ज की गई है। चार धामों में न्यूनतम तापमान माइनस छह से लेकर माइनस 10 डिग्री तक चला गया है। उत्तरकाशी में तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ सकता है, हालांकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। तापमान माइनस 17.2 डिग्री पहुंच गया है। देहरादून से लेकर हरिद्वार, रुड़की और आसपास के इलाकों में पाला पड़ने लगा है। पाला पड़ने से सुबह के वक्त काफी ठंड महसूस की जा रही है।

You May Also Like