पिथौरागढ़ पहुंचा शहीद राजेंद्र का पार्थिव शरीर, क्षेत्र का माहौल गमगीन

Please Share

देहरादून: जम्मू कश्मीर में आतंकियों के हमले में शहीद हुए देवभूमि के वीर सैनिक राजेंद्र सिंह बुंगला का पार्थिव शरीर पिथौरागढ़ पहुंचने पर क्षेत्र का माहौल गमगीन हो गया। इस दौरान सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। यहाँ ब्रिगेड हैड क्वार्टर क्षेत्र में शहीद का शव पहुंचा। इस दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत, स्टेशन कमांडर, डीएम, एसपी सहित जनप्रतिनिधियो, सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों ने शहीद के पार्थिव शरीर पर मातमी धुन के बीच पुष्पचक्र अर्पित किए।

बता दें कि, बुंगली क्षेत्र के बडेनाकुंड गांव के रहने वाले 23 वर्षीय शहीद राजेंद्र सिंह बुंगला शुक्रवार को अनंतनाग जिले के काजीकुंडाताल में पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान आतंकवादी हमला हो गया। बहादुरी से लड़ते हुए राजेंद्र ने शहादत दे दी। शहीद राजेंद्र तीन वर्ष पूर्व ही जाट रेजीमेंट में भर्ती हुए थे। एक माह पूर्व तक वह बरेली में पोस्टेड थे। इसके बाद उसकी तैनाती जम्मू कश्मीर में हो गई। 15 दिन पूर्व ही वह जम्मू कश्मीर पहुंचे थे।

शहीद के पिता चंद्र सिंह गांव में ही खेतीबाड़ी कर आजीविका चलाते हैं। मां मोहिनी देवी गृहणी हैं। तीन बहनों के इकलौते अविवाहित भाई राजेंद्र की बड़ी बहन रेखा की शादी हो चुकी है। दो छोटी बहन खीमा और पूजा की जिम्मेदारी राजेंद्र के कंधों पर ही थी। इकलौते पुत्र की शहीद होने की सूचना से मां-पिता सदमे में हैं। जहां मां बार-बार बेहोश हो रही हैं तो, छोटी बहनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

You May Also Like